
महापौर रितू तावडे ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा
रोजाना 200 से 250 मीट्रिक टन कचरा पहुंच रहा तट पर
मुंबई : (Mumbai) मानसून के दौरान ऊंची समुद्री लहरों के साथ जुहू समुद्र (Juhu Beach) तट पर बड़ी मात्रा में कचरा बहकर आने की शिकायतों के बीच मुंबई की महापौर रितू तावडे (Mumbai Mayor Ritu Tawde) ने बुधवार, 19 अगस्त को समुद्र तट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे स्वच्छता अभियान, कचरा उठाने की व्यवस्था और महानगरपालिका की ओर से किए जा रहे उपायों का जायजा लिया।
अधिकारियों से ली सफाई व्यवस्था की जानकारी
निरीक्षण के दौरान के-पश्चिम प्रभाग समिति अध्यक्ष रोहन राठोड (K-West Division Committee Chairman Rohan Rathod), स्थानीय नगरसेविका सुधा सिंह, सहायक आयुक्त (Zone-4) डॉ. भाग्यश्री कापसे, सहायक आयुक्त कुंदन वळवी सहित महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों से समुद्र तट पर आने वाले कचरे की मात्रा और उसे हटाने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
इस साल बढ़कर 250 टन तक पहुंचा कचरा
अधिकारियों ने बताया कि जुहू समुद्र तट करीब सात किलोमीटर लंबा है। पिछले वर्षों में मानसून के दौरान प्रतिदिन करीब 120 मीट्रिक टन कचरा समुद्र की ऊंची लहरों के साथ तट पर बहकर आता था। इस वर्ष यह मात्रा बढ़कर करीब 200 से 250 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो गई है। सफाई के लिए सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में कुल 150 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रतिदिन कम से कम 180 मीट्रिक टन कचरा हटाया जा रहा है।
भारी मशीनरी से लगातार चल रहा सफाई अभियान
बढ़ते कचरे को देखते हुए महानगरपालिका (Municipal Corporation) ने सफाई कार्य के लिए दो बीच क्लीनिंग मशीन, चार बॉबकैट, दो पोकलेन, 25 डंपर, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो जेसीबी और एक बुलडोजर तैनात किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन संसाधनों की मदद से जुहू समुद्र तट की लगातार सफाई की जा रही है और कचरे को हटाने का काम जारी है।
सफाई में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में महापौर रितू तावडे ने कहा कि जुहू समुद्र तट की सफाई लगातार जारी रखने और अभियान को और तेज करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मनुष्यबल और मशीनरी तैनात करने के निर्देश पहले भी दिए जा चुके हैं। साथ ही समुद्र तट पर कचरा नहीं फेंकने के लिए नागरिकों को जागरूक करने वाले सूचना फलक तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
समुद्र तटों की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी
महापौर ने कहा कि मुंबई के समुद्र तट स्थानीय नागरिकों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण हैं। इन्हें स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों और पर्यटकों से समुद्र तट तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और निर्धारित कूड़ेदान में ही कचरा डालने की अपील की।
सफाई कर्मियों का किया उत्साहवर्धन
निरीक्षण के बाद महापौर रितू तावडे (Mayor Ritu Tawde) ने सफाई कर्मचारियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में जुटे कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए समुद्र तट को साफ रखने के लिए लगातार काम करने पर जोर दिया।
