
नई दिल्ली : (New Delhi) फिल्म ‘काला हिरण-द बैटल फॉर लीगेसी’ (Kala Deer – The Battle for Legacy) का मामला उच्चतम न्यायालय पहुंच गया है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने फिल्म पर दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) के रोक के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।
फिल्म के निर्माता ने दिल्ली उच्च न्यायालय के 27 जुलाई के फिल्म के टीजर और उससे जुड़े प्रमोशनल कंटेंट को हटाने के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली उच्च न्यायालय का आदेश फिल्म निर्माता की अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक लगाता है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म बनाना और किसी सार्वजनिक घटना को अपनी कहानी के नजरिये से दिखाना अभिव्यक्ति की आजादी के दायरे में आता है। इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय में भी फिल्म के निर्माता की ओर से यही दलील दी गई थी कि टीजर में कहीं सीधे तौर पर सलमान खान (Salman Khan) का नाम नहीं लिया गया है।
दिल्ली उच्च न्यायालय में सलमान खान ने अपने व्यक्तित्व के अधिकारों की रक्षा की मांग की थी। उच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से पेश वकील रवि प्रकाश (Salman Khan’s lawyer, Ravi Prakash) ने फिल्म और उसके ट्रेलर पर रोक की मांग करते हुए कहा था कि फिल्म के निर्माता याचिकाकर्ता के व्यक्तित्व का बिना किसी सहमति के वाणिज्यिक दुरुपयोग कर रहे हैं। याचिका में सलमान खान ने कहा था कि ये फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण के शिकार से संबंधित है और इस फिल्म के प्रदर्शन से उनके व्यक्तित्व के अधिकारों का उल्लंघन होगा।
