
‘वंदे मातरम्’ विवाद पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य का कांग्रेस पर हमला
उप मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस ने 90 साल पुराने फैसले को दोहराया
लखनऊ : (Lucknow) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Uttar Pradesh Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति के चलते राष्ट्रगीत के पूरे स्वरूप को स्वीकार करने से पीछे हट रही है।
केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो छंद गाने के करीब 90 वर्ष पुराने फैसले को फिर दोहराया है। उन्होंने इसे जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए कांग्रेस की नीति पर सवाल उठाए।
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से पूछा कि उसे मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के उल्लेख से आपत्ति क्यों है। उन्होंने सवाल किया कि राष्ट्रगीत के अन्य छंदों को छोड़ने पर कांग्रेस क्यों अड़ी हुई है और वह किसे खुश करना चाहती है।
वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति
मौर्य ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार के प्रभाव में काम करने वाली कांग्रेस का यह निर्णय किसी वैचारिक सिद्धांत से नहीं, बल्कि वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि देश पहले ही धर्म आधारित राजनीति के कारण विभाजन की त्रासदी झेल चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी राष्ट्रीय एकता के प्रतीक ‘वंदे मातरम्’ को धार्मिक वोटों के नजरिये से देख रही है। मौर्य ने इसे कांग्रेस की कथित ‘छद्म धर्मनिरपेक्षता’ का उदाहरण बताया।
संकीर्ण मानसिकता से उबरा भारत
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अब तुष्टीकरण और संकीर्ण वोटबैंक की राजनीति से आगे निकल चुका है। उन्होंने दावा किया कि ‘वंदे मातरम्’ पूरे देश में सभी छंदों के साथ गूंजेगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रगीत को लेकर कांग्रेस का रुख जनता की भावनाओं से उसे लगातार दूर कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी।
