
पैलेट गन मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
नई दिल्ली : (New Delhi) छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शुक्रवार को घायल छात्र साहिल लोचव के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इसके बाद राहुल गांधी धरने पर बैठ गए। पांच घंटे बाद अब राहुल की मांग मान लिए जाने और साहिल लोचव की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने पर सहमति बनने की खबर सामने आई। रिपोर्टों के अनुसार, यह मामला अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला 20 जुलाई के छात्र आंदोलन से जुड़ा है। उस दिन दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar in Delhi) से संसद की ओर मार्च किया गया था। यह आंदोलन नीट पेपर लीक (NEET paper leak) और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर शुरू हुआ था। आंदोलन का नेतृत्व कॉकरेज जनता पार्टी यानी सीजेपी कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद कार्रवाई हुई। इसी कार्रवाई के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोप लगे। राहुल गांधी और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया। राहुल गांधी ने बाद में घायल छात्र साहिल लोचव को सामने लाकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। साहिल ने आरोप लगाया कि वह पुलिस कार्रवाई के दौरान पैलेट से घायल हुआ।
