
गोरखपुर : (Gorakhpur) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक-एक फरियादी से सुनी समस्या
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन (Mahant Digvijaynath Smriti Bhavan) के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाए और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए।
इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को इलाज से जुड़े खर्च के अनुमान की प्रक्रिया जल्द पूरी कर प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया और उन्हें चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया।
