
विरोधियों की ‘रेवड़ियों’ और वादों से सावधान रहने की अपील
लखनऊ : (Lucknow) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Bahujan Samaj Party (BSP) National President and former Chief Minister Mayawati) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनता से विरोधी दलों के लुभावने वादों और चुनावी ‘रेवड़ियों’ से सावधान रहने तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होकर मतदान करने की अपील की।
बैठक में उत्तर प्रदेश स्टेट, मंडल इकाइयों और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों समेत वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। मायावती ने पार्टी उम्मीदवारों के चयन, चुनावी तैयारियों और संगठन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एसआईआर के बाद पोलिंग बूथ स्तर तक कमेटियों के पुनर्गठन में हुई प्रगति की भी जानकारी ली और कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।
चुनावी वादों को बताया छलावा
मायावती ने कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं और अन्य वर्गों को निजी लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं तथा विभिन्न प्रकार के लुभावने वादों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद वादाखिलाफी के मामलों को देखते हुए जनता को ऐसे राजनीतिक छलावे से सावधान रहना जरूरी है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और पिछड़ेपन के कारण लोगों को पलायन की समस्या झेलनी पड़ रही है। उनके मुताबिक सरकारों की ओर से की जा रही घोषणाएं इन समस्याओं के मुकाबले पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि जनकल्याण सरकारों की निरंतर संवैधानिक जिम्मेदारी है।
9 अक्टूबर को लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि
मायावती ने बताया कि बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम (BSP founder Manyavar Kanshi Ram) की पुण्यतिथि 9 अक्टूबर को लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेशभर से बसपा कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर दुख जताते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने की मांग की।
