
प्रयागराज : (Prayagraj) यात्रियों को अधिक सीट उपलब्ध कराने तथा प्रतीक्षासूची कम करने के लिए रेलवे ने प्रयागराज से चलने वाली दो विशेष ट्रेनों में एक-एक स्लीपर कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही परिचालन संबंधी कारणों से प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन (Prayagraj-Visakhapatnam-Prayagraj weekly special train) के निर्धारित फेरे निरस्त किए गए हैं। यह जानकारी बुधवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 04113 प्रयागराज-एसएसएस हुब्बल्ली विशेष ट्रेन (Prayagraj-SSS Hubballi special train) में पांच सितंबर से एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। इससे ट्रेन में कोचों की संख्या 22 से बढ़कर 23 हो जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04114 एसएसएस हुब्बल्ली-प्रयागराज विशेष ट्रेन में यह बदलाव आठ सितंबर से प्रभावी होगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 04119 सूबेदारगंज-वलसाड विशेष ट्रेन में पांच सितंबर से एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इससे इसके कोचों की संख्या 19 से बढ़कर 20 हो जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04120 वलसाड-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन (Valsad-Subedarganj special train) में यह बदलाव छह सितंबर से लागू होगा।
प्रतीक्षासूची वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
अमित मालवीय ने बताया कि विशेष ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाने का उद्देश्य यात्रियों को अधिक बर्थ उपलब्ध कराना और प्रतीक्षासूची को कम करना है। इससे त्योहारों और बढ़ती यात्री संख्या के बीच यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
प्रयागराज-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन के फेरे निरस्त
परिचालन संबंधी कारणों से गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापट्टनम साप्ताहिक विशेष ट्रेन (Prayagraj-Visakhapatnam weekly special train) के चार सितंबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलने वाले सभी फेरे निरस्त रहेंगे।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04160 विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन के पांच सितंबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलने वाले फेरे भी निरस्त किए गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अधिकृत रेल माध्यमों एनटीईएस (NTES) या रेल सहायता नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।
