
दो महीने बाद महापौर ने किया निरीक्षण, रसोई से लेकर खाद्य पदार्थों तक की जांच
संचालक को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
मुंबई : (Mumbai) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation) (BMC) मुख्यालय की कैंटीन में जुलाई में सामने आई स्वच्छता संबंधी शिकायतों के बाद प्रशासन की कार्रवाई के बीच गुरुवार को मुंबई की महापौर रितू तावड़े और शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर (Mumbai Mayor Ritu Tawde and Education Committee Chairperson Rajeshri Shirwadkar) ने कैंटीन का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों पदाधिकारियों ने कैंटीन की रसोई, परिसर की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
कर्मचारियों और नागरिकों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान महापौर और शिक्षा समिति अध्यक्ष ने कैंटीन में मौजूद BMC कर्मचारियों तथा विभिन्न कार्यों के लिए मुख्यालय पहुंचे नागरिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की कीमतों तथा रोजाना होने वाली साफ-सफाई को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया जानी। दोनों पदाधिकारियों ने कैंटीन संचालक से भी विस्तार से चर्चा की। भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता, कर्मचारियों द्वारा हेडगियर और दस्ताने के इस्तेमाल तथा खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई।
‘स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
महापौर रितू तावड़े और राजेश्री शिरवडकर (Mayor Ritu Tawde and Rajeshri Shirwadkar) ने कैंटीन संचालक को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंटीन की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद दोनों पदाधिकारियों ने कैंटीन की मौजूदा व्यवस्था पर संतोष जताया। हालांकि, उन्होंने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का लगातार पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
एफडीए की कार्रवाई के बाद अगस्त में फिर खुली कैंटीन
बीएमसी के अनुसार, जुलाई 2026 में कैंटीन को लेकर कुछ शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (Food and Drug Administration)(FDA) ने कैंटीन का निरीक्षण किया और स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर इसे अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए थे। आवश्यक सुधार किए जाने तथा भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिए जाने के बाद अगस्त 2026 में कैंटीन को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई। इसके बाद कैंटीन में सेवाएं फिर से शुरू हो गईं। इसी पृष्ठभूमि में महापौर और शिक्षा समिति अध्यक्ष ने मौजूदा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
