
नई दिल्ली : (New Delhi) राजधानी के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS summit) के मद्देनजर केंद्र और दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालय 11 सितंबर को बंद रहेंगे। केंद्र सरकार ने दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित अपने कार्यालयों को भी 11 सितंबर को बंद रखने का निर्देश दिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल (Lieutenant Governor of Delhi) ने 11 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश घोषित किया है।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की आधिकारिक सूचना में कहा गया कि 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Business Forum and the 18th BRICS Summit) का आयोजन होना है। आदेश में कहा गया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में करीब 30 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के व्यापक स्वरूप और आम लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों को 11 सितंबर को बंद रखने का फैसला किया गया है।
दिल्ली सरकार (Delhi government) के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 3 सितंबर को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि ब्रिक्स सम्मेलन और उससे जुड़े इंतजामों के मद्देनजर 11 सितंबर को दिल्ली सरकार के अधीन सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश रहेगा। यह आदेश दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से जारी किया गया है।
