
अजित पवार की मौत पर राजनीति न करें, मेरा दर्द कोई नहीं समझ सकता: सुनेत्रा पवार
मेरा भाई चला गया कुछ सत्ता भोग रहे: सुप्रिया सुले
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार (Maharashtra Deputy Chief Minister and NCP chief Sunetra Pawar) ने विपक्षी नेताओं से अपने पति अजित पवार (Ajit Pawar) की मौत को लेकर राजनीति नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अजित पवार की मां, बच्चों और परिवार के दर्द को वही लोग समझ सकते हैं, जिन्होंने इस दुख को झेला है। पुणे में गुरुवार को उन्होंने कहा कि अजित दादा के निधन से महाराष्ट्र में जो खालीपन पैदा हुआ है, वह बहुत बड़ा है।
जांच एजेंसियों पर जताया भरोसा
सुनेत्रा पवार ने कहा कि उन्हें कानून और संविधान पर पूरा भरोसा है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उन्हें इसके लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार मीडिया के सामने आने से जांच में कोई अपडेट नहीं मिलता। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं बार-बार बयानबाजी के जरिए मीडिया ट्रायल तो नहीं किया जा रहा है।
सुप्रिया सुले ने उठाए थे सवाल
सुनेत्रा का यह बयान एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले (President Supriya Sule) के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने अजित पवार की मौत की जांच को लेकर सवाल उठाए थे। सुले ने पूछा था कि इस मामले में एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई और एनसीपी के अजित पवार गुट के किसी विधायक या मंत्री ने उचित जांच की मांग क्यों नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया था कि परिवार के एक प्रमुख सदस्य को खोने के बावजूद अजित पवार गुट सत्ता का आनंद ले रहा है।
28 जनवरी को विमान हादसे में हुई थी मौत
अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में एक विमान हादसे में मौत हुई थी। वह मुंबई से बारामती जा रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, कम दृश्यता के बीच लियरजेट 45 एक्सआर विमान ने रनवे पर उतरने की कोशिश की। विमान पहले दाईं ओर मुड़ा, पेड़ों से टकराया और फिर जमीन पर गिरने के बाद उसमें आग लग गई। हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार अन्य लोगों की मौत हुई थी। विमान हादसे की जांच कर रही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (Aircraft Accident Investigation Bureau) (AAIB) ने क्रैश साइट के पास स्थित गांव के सीसीटीवी फुटेज का हवाला दिया था। इसके अनुसार हादसे से पहले विमान दाईं ओर मुड़ा और पेड़ों से टकराने के बाद जमीन पर गिर गया। आग लगने से विमान का कॉकपिट और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
