
पुणे : (Pune) पुणे से सटे पिंपरी-चिंचवड़ के पुरानी सांगवी इलाके में दही हांडी उत्सव (Dahi Handi festival in the Old Sangvi area of Pimpri-Chinchwad, near Pune) के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर डीजे का भारी रैक अचानक 45 वर्षीय महिला के ऊपर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ, जब कार्यक्रम स्थल पर डीजे का रैक (DJ rack) खड़ा किया जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से भारी रैक महिला पर जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद आयोजकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि दही हांडी कार्यक्रम और डीजे लगाने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। आयोजकों और डीजे संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। त्योहारों के दौरान भारी-भरकम डीजे ढांचे और सुरक्षा इंतजामों को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं। सांगवी की घटना ने सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मुद्दा फिर सामने ला दिया है।
इस बीच मुंबई और ठाणे में दही हांडी का उत्साह चरम पर रहा। घाटकोपर में आयोजित दही हांडी में अंधेरी पूर्व के गोविंदा पथक (Govinda Pathak) ने नौ-स्तरीय मानव मीनार बनाई। हालांकि, नौवां स्तर लगाने के बाद उतरते समय एक गोविंदा के गिरने से कुछ देर अफरा-तफरी मच गई। ठाणे में स्वामी प्रतिष्ठान (Swami Pratishthan Dahi Handi) की दही हांडी में 71 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए, जबकि टेंभी नाका दही हांडी (Tembi Naka Dahi Handi) के विजेता पथक को 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
