
नई दिल्ली : (New Delhi) सनलाइट कॉलोनी स्थित किलोकरी गांव (Kilokri Village, located in Sunlight Colony) में सोमवार को घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध करना एक सेवानिवृत संगीतकार को भारी पड़ गया। हंगामा कर रहे डिलीवरी ब्वॉय और ढाबा कर्मचारियों ने 54 वर्षीय विक्रम सिंह (54-year-old Vikram Singh) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस उपायुक्त विनित कुमार ने बताया कि विक्रम सिंह एक निजी संस्थान के साथ बतौर संगीतकार जुड़े हुए थे। सोमवार को उनके घर के सामने कुछ डिलीवरी ब्वॉय और ढाबा कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा करने लगे। हंगामा काफी देर तक चला, लगातार शोर शराबा होने पर परेशान होकर विक्रम सिंह घर से नीचे आए और शोर न करने के लिए कहा।इसी बात को लेकर उनकी आरोपियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने विक्रम पर हमला कर दिया और उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। मारपीट में विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बेटा उन्हें तत्काल पास के ही अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज कर नाबालिग सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
