
हो ची मिन्ह सिटी : (Ho Chi Minh City) शीर्ष वरीय तन्वी शर्मा (Tanvi Sharma) ने गुरुवार को थाईलैंड की पासा-ओर्न फन्नाचेट को हराकर वियतनाम ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट (Vietnam Open badminton) के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। तन्वी ने अंतिम-16 मुकाबले में फन्नाचेट को 26-24, 21-12 से हराया।
विश्व की 27वें (World No. 27) नंबर की खिलाड़ी तन्वी को पहले गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों के बीच पूरे गेम में कांटे की टक्कर रही और कोई भी निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। तन्वी ने अंतिम क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए 20 मिनट में गेम 26-24 से अपने नाम किया।
दूसरे गेम में तन्वी ने शानदार शुरुआत करते हुए 5-0 की बढ़त बना ली। मध्यांतर तक उन्होंने 11-4 की बढ़त हासिल कर ली थी। ब्रेक के बाद भी उन्होंने मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और 21-12 से गेम जीतकर 36 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।
क्वार्टर फाइनल में तन्वी का सामना हमवतन मालविका बंसोड़ से होगा। मालविका ने अंतिम-16 में थाईलैंड की तिदाप्रोन क्लीबयीसुन को 21-19, 21-14 से हराया। तन्वी ने शुरुआती दौर में कनाडा की रेचल चैन को 21-16, 21-17 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई थी।
तन्वी इस सत्र का दूसरा खिताब जीतने की कोशिश में हैं। उन्होंने जुलाई के अंत में ताइपे ओपन (Taipei Open) का खिताब जीता था और इसके बाद कोरिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। इस महीने की शुरुआत में शेनझेन में चीन मास्टर्स सुपर 750 में उन्हें अंतिम-16 में जापान की तोमोका मियाजाकी के हाथों 17-21, 21-18, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा था।
