
भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन का विपक्ष पर हमला
मुंबई : (Mumbai) भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन (BJP chief spokesperson Navnath Ban) ने पत्रकार वार्ता में मनसे, महाविकास आघाड़ी और विपक्षी नेताओं पर तीखे हमले किए। उन्होंने गजानन काले, अमित ठाकरे, संजय राऊत और रोहित पवार के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा का पक्ष रखा।
गजानन काले के आरोपों पर पलटवार
रवींद्र चव्हाण (Ravindra Chavan) पर गजानन काले के आरोपों को बन ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि चव्हाण जनता के बीच से चुनकर आने वाले नेता हैं। बन ने काले को पहले अपने राजनीतिक संगठन और पार्टी की स्थिति पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चव्हाण पर आरोप लगाना सूरज पर थूकने जैसा है।
अमित ठाकरे को खुली बहस की चुनौती
‘शिकायती लड़का’ कहे जाने पर बन ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) का ‘शिकायती लड़का’ कहलाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अमित ठाकरे (Amit Thackeray) को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि स्थान, समय और विषय अमित ठाकरे तय करें, वे बिना कोई कागज लिए चर्चा के लिए तैयार हैं।
मनसे पर राजनीतिक हमला
मनसे पर निशाना साधते हुए बन ने कहा कि जनता ने पार्टी की ‘दुकान’ बंद कर दी है। उन्होंने दादर की चुनावी स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले अमित ठाकरे को दादर से चुनाव जिताकर दिखाया जाए। उन्होंने मनसे की तुलना पटरी से उतरे रेलवे इंजन से भी की।
संजय राऊत पर तीखी टिप्पणी
‘प्याज, मूली, सब्जी’ को लेकर बन ने कहा कि यह संत तुकाराम का नहीं, बल्कि संत सावता माली का अभंग है। उन्होंने संजय राऊत (Sanjay Raut) को संत तुकाराम की गाथा दोबारा पढ़ने की सलाह दी। एकनाथ शिंदे को लंदन में मिले सम्मान पर राऊत की आलोचना को लेकर भी बन ने पलटवार किया।
MPSC आंदोलन पर रोहित पवार को घेरा
MPSC विद्यार्थियों के मुद्दे पर बन ने कहा कि सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर है और चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने रोहित पवार (Rohit Pawar) पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। वहीं अमित शाह (Amit Shah) की वैचारिक विरासत पर बन ने कहा कि भाजपा का आधार हिंदुत्व और राष्ट्रवाद है। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
