
मुंबई : (Mumbai) चेंबूर कॉलोनी स्थित राम मंदिर के पास रविवार सुबह BEST की वेट लीज बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। चालक की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे SMTATPL (वेट लीज) की बस क्रमांक 775 (MH-01-FC-5494), रूट A-364 पर महुल गांव से ट्रॉम्बे की ओर जा रही थी। चेंबूर कॉलोनी के राम मंदिर (Ram Mandir in Chembur) के पास चालक ने ड्राइवर केबिन के नीचे से धुआं निकलता देखा। चालक ने तत्काल बस रोककर जांच की।
जांच में बैटरी बॉक्स में स्पार्क होने से शॉर्ट सर्किट और आग लगने की बात सामने आई। चालक ने बस में उपलब्ध तीनों अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल कर करीब 8.15 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान यात्रियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चालक आग बुझा चुका था।
सुरक्षा के मद्देनजर दमकल कर्मियों ने बस की बैटरी का कनेक्शन काटकर बैटरी को बाहर निकाल दिया। घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने अथवा जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना के बाद BEST और संबंधित ठेकेदार के मैकेनिकों को मौके पर भेजा गया। बस को आगे की तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए टो करके देवनार डिपो ले जाया जा रहा है।
