
मल्टीप्लेक्स में प्रति शो 400 रुपये तक कर का प्रस्ताव
22 सितंबर को विधि समिति की बैठक में होगी चर्चा
मुंबई : (Mumbai) मायानगरी में सिनेमाघरों, नाट्यगृहों, सर्कस और विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रमों पर लगने वाले मनोरंजन कर में बढ़ोतरी की तैयारी मुंबई महानगरपालिका (Municipal Corporation of Mumbai) ने शुरू कर दी है। मनपा ने संशोधित कर दरों का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे 22 सितंबर को होने वाली विधि समिति की बैठक में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। समिति से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव राज्य सरकार के नगर विकास विभाग को भेजा जाएगा। सरकार की स्वीकृति और राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद ही संशोधित दरों के आधार पर कर वसूली शुरू की जा सकेगी।
मल्टीप्लेक्स पर सबसे अधिक कर
मनपा के प्रस्ताव के अनुसार आधुनिक मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों से प्रति शो 400 रुपये मनोरंजन कर लेने का प्रस्ताव है। वातानुकूलित सिनेमाघरों के लिए यह राशि 200 रुपये प्रति शो, जबकि गैर-वातानुकूलित सिनेमाघरों के लिए 50 रुपये प्रति शो निर्धारित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा नाटक, जलसा, विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रम और तमाशा के लिए 100 रुपये प्रति शो कर प्रस्तावित किया गया है। सर्कस और आनंद मेले के लिए 100 रुपये प्रतिदिन, जबकि अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए 75 रुपये प्रति शो कर निर्धारित करने का प्रस्ताव है। यदि कोई मनोरंजन कार्यक्रम स्वतंत्र शो के रूप में आयोजित नहीं किया जाता है, तो उस पर 75 रुपये प्रतिदिन की दर से कर वसूलने का प्रस्ताव रखा गया है।
वर्ष 2014-15 की दरों को बनाया आधार
मनपा के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए तैयार प्रस्ताव में मौजूदा कर दरों में संशोधन का आधार वर्ष 2014-15 में निर्धारित दरों को बनाया गया है। प्रस्ताव में सिनेमाघरों की श्रेणी में किसी बदलाव का उल्लेख नहीं है। इसके साथ ही मुंबई में प्रदर्शित होने वाली मराठी और गुजराती फिल्मों (Marathi and Gujarati films) तथा रंगमंच पर प्रस्तुत मराठी और गुजराती नाटकों को रंगभूमि कर अधिनियम के तहत पहले से मिल रही कर छूट को भी बरकरार रखने का उल्लेख प्रस्ताव में किया गया है। अब विधि समिति की बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय के बाद इसे राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
