
मियामी : (Miami) लियोनेल मेसी (Lionel Messi) के गोल और असिस्ट की बदौलत इंटर मियामी ने बुधवार को क्रूज अज़ुल को 2-0 से हराकर पहली बार कैम्पेओनेस कप का खिताब जीत लिया। यह मुकाबला मेजर लीग सॉकर और मैक्सिकन लीगा एमएक्स (Major League Soccer and the Mexican Liga MX) के चैंपियन के बीच खेला जाता है।
इंटर मियामी के लिए यह कैम्पेओनेस कप में पहली खिताबी जीत है। वहीं, टीम के नए मुख्य कोच क्रिस्टियन “किली” गोंजालेज के कार्यकाल का भी यह पहला मुकाबला था।
मेसी ने बेहतरीन हेडर के जरिए इंटर मियामी को बढ़त दिलाई। छोटे कद के अर्जेंटीनी स्टार ने लुइस सुआरेज (Luis Suarez) के क्रॉस पर विलर डिट्टा के ऊपर छलांग लगाकर शानदार हेडर से गेंद को गोल में पहुंचाया।
मेसी ने इसके बाद खुद दूसरा गोल करने की कोशिश की। सुआरेज के पास पर आगे बढ़ते हुए उन्होंने गेंद को गोल में डाल दिया, लेकिन उन्हें ऑफसाइड करार दिया गया।
हालांकि, मेसी ने कुछ ही देर बाद दूसरे गोल में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कॉर्नर से शानदार गेंद भेजी, जिस पर कासेमिरो ने हेडर के जरिए गोल कर इंटर मियामी की बढ़त 2-0 कर दी।
यह कैम्पेओनेस कप का आठवां संस्करण था और इसकी मेजबानी हमेशा मेजर लीग सॉकर की टीम करती है। इंटर मियामी (Inter Miami) की जीत से पहले पिछले तीन संस्करणों में मैक्सिको की टीमों ने खिताब जीता था।
मैक्सिको की दिग्गज टीम क्रूज अज़ुल अब तक कैम्पेओनेस कप का खिताब नहीं जीत सकी है। टीम को 2021 के फाइनल में भी हार का सामना करना पड़ा था।
