
लखनऊ : (Lucknow) लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस (Lucknow Commissionerate Police) ने अमेरिकी नागरिकों से साइबर ठगी (cyber fraud) करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 12 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 36 लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
पुलिस उपायुक्त उत्तरी अमित कुमार आनंद (Deputy Commissioner of Police (North) Amit Kumar Anand) ने बताया कि अलीगंज पुलिस ने शुक्रवार रात रिध्या प्लाजा स्थित कॉल सेंटर (call center located at Ridhya Plaza) पर छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा। गिरोह का संचालन मुख्य आरोपी प्रियांशु कर रहा था, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार नेहाल और आशीष (Nehal and Ashish) कॉल सेंटर के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाते थे। आरोपियों को अच्छी अंग्रेजी बोलने वाले युवाओं को नौकरी पर रखकर साइबर ठगी की ट्रेनिंग दी जाती थी और ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड, बैंक ट्रांसफर व क्रिप्टोकरेंसी के जरिए हासिल की जाती थी।
पुलिस ने गुजरात निवासी मयंक चौहान, नेहाल कुमार, आशीष समेत पश्चिम बंगाल, बिहार, मुंबई और लखनऊ के कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कॉलिंग डेटा की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार
साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। सिपाही विपिन कुमार वर्मा को उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच हजार रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार दिया गया।
