
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) (Maharashtra Food and Drug Administration) ने प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.13 करोड़ रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की। गोपनीय सूचना के आधार पर 18 सितंबर को शुरू हुई कार्रवाई में अधिकारियों ने करीब छह घंटे तक ट्रक का पीछा किया और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे चाकण-तलेगांव चौक (Chakan-Talegaon junction) पर रोक लिया। तलाशी में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित विभिन्न ब्रांड के गुटखा, पान मसाला और फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पाद मिले। जब्त सामग्री और ट्रक समेत कुल कीमत 1,13,54,600 रुपये आंकी गई है। मामले में ट्रक चालक नफीस मेहबूब खान समेत पांच लोगों और संबंधित संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है। एफडीए ने पुलिस से आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, प्रतिबंधित गुटखे की आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक लेन-देन की जांच करने तथा तथ्यों के आधार पर मकोका (MCOCA) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा है।
