
कल्याण : (Kalyan) कल्याण पूर्व स्थित शक्तिधाम अस्पताल (Shaktidham Hospital in Kalyan East) में नवजात बच्ची की मौत के मामले में कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (Kalyan-Dombivli Municipal Corporation) (केडीएमसी) ने कार्रवाई की है। केडीएमसी के वैद्यकीय उपायुक्त प्रसाद बोरकर ने बताया कि मरीज की हालत में हुए बदलाव की जानकारी समय पर विशेषज्ञ डॉक्टरों को नहीं देने के मामले में ड्यूटी पर तैनात आरएमओ को सेवा से हटा दिया गया है।
जांच में सामने आई लापरवाही
मामले की जांच के दौरान मरीज की स्थिति में बदलाव की जानकारी समय पर विशेषज्ञ डॉक्टरों तक नहीं पहुंचने की बात सामने आई। इसके बाद मनपा प्रशासन ने संबंधित आरएमओ के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही प्रसूति विभाग की व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर शिफ्ट में अलग एमबीबीएस आरएमओ
केडीएमसी ने प्रसूति विभाग में प्रत्येक शिफ्ट के लिए स्वतंत्र एमबीबीएस आरएमओ की नियुक्ति करने का आदेश दिया है। इसका उद्देश्य मरीज की हालत में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल इसकी जानकारी विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचाना और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप सुनिश्चित करना है।
ठेकेदार कंपनी पर भी जुर्माना
डॉक्टरों की सेवा उपलब्ध कराने वाली ठेकेदार कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मनपा ने कंपनी के मासिक बिल में से 25 प्रतिशत राशि दंड के रूप में काटने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने अस्पताल में मरीजों को समय पर और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और सेवा प्रदाता कंपनी को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
