
भिवंडी : (Bhiwandi) भिवंडी में सामने आए कथित फूड पॉइजनिंग मामले के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Bhiwandi, Nationalist Congress Party) (शरदचंद्र पवार गुट) के सांसद सुरेश महात्रे उर्फ बाल्या मामा (MP Suresh Mhatre, alias Balya Mama) ने शनिवार को स्वर्गीय इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल (Late Indira Gandhi Memorial Hospital) पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अस्पताल दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद बाल्या मामा ने कहा कि फिलहाल सभी मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम लगातार मेहनत कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और मरीजों के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उनकी कई मरीजों से व्यक्तिगत बातचीत हुई है। कुछ मरीज अभी भी पेट दर्द और लूज मोशन जैसी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन उनकी स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर है। सांसद ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने से पहले यह कहना जल्दबाजी होगी कि लोगों की तबीयत किस खाद्य पदार्थ के सेवन से खराब हुई।
रिपोर्ट आने से पहले निष्कर्ष निकालना उचित नहीं
नगरपालिका द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ की गई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बाल्या मामा ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी जो भी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए, लेकिन बिना वैज्ञानिक रिपोर्ट के किसी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
पुराने मामले का दिया उदाहरण
सांसद ने इस संदर्भ में मुंबई के एक पुराने मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि एक घटना में प्रारंभिक तौर पर तरबूज खाने से मौत की बात कही गई थी, लेकिन बाद की जांच में वास्तविक कारण कुछ और निकला था। इसलिए वर्तमान मामले में भी तथ्यों के सामने आने तक धैर्य रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। इस संबंध में वह खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) (Food and Drug Administration) के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेष रूप से तुकाराम मुंडे को पत्र लिखकर मामले की गहन जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे।
जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें
गौरतलब है कि भिवंडी में कथित फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, (Health Department) FDA और स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
