
मुंबई : (Mumbai) पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दादा-द सौरव गांगुली स्टोरी’ (Dada – The Sourav Ganguly Story) का फर्स्ट लुक उनके जन्मदिन के अवसर पर जारी कर दिया गया। इसके साथ ही निर्माताओं ने घोषणा की कि राजकुमार राव (Rajkummar Rao) अभिनीत यह बहुप्रतीक्षित बायोपिक 14 मई, 2027 को विस्तारित हॉलिडे वीकेंड के दौरान दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर सामने आते ही क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव सौरव गांगुली के करियर के सबसे यादगार पलों में से एक को जीवंत करते नजर आ रहे हैं। इसमें उन्हें साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह ऐतिहासिक दृश्य भारतीय क्रिकेट में आत्मविश्वास और आक्रामक नेतृत्व की नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। फिल्म में गांगुली के एक युवा क्रिकेटर से भारतीय टीम के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में शामिल होने तक के संघर्ष, जुनून और नेतृत्व की प्रेरक यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन (Directed by Vikramaditya Motwane) में बनी इस फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग (produced by Luv Ranjan and Ankur Garg) ने किया है। टी-सीरीज, डीबीएल और लव फिल्म्स के बैनर तले तैयार हो रही यह बायोपिक भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम अध्याय को सिनेमाई रूप में पेश करेगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ आम दर्शकों को भी प्रेरित करेगी।
