
भुवनेश्वर : (Bhubaneswar) ओडिशा के अनुगुल जिले के सामल थाना क्षेत्र में बुरुकुना चौक अंतर्गत राष्ट्रीय (National Highway) राजमार्ग-149 पर बुरुकुना चौक के पास मंगलवार को एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस पुरी से सुंदरगढ़ की ओर जा रही थी और उसमें 50 से अधिक यात्री सवार थे। रास्ते में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग (fire department) और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले खमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अनुगुल जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कटक और भुवनेश्वर के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
