
कल्याण : (Kalyan) कल्याण पूर्व के आढावली इलाके (Aadhavali area of Kalyan East) में हुए चर्चित अर्जुन कालपांडे उर्फ पेंड्या भाई हत्याकांड (high-profile murder of Arjun Kalpande (alias Pendya Bhai) की जांच में मानपाड़ा पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन कराया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात से जुड़ी जानकारी ली और हत्या की पूरी घटना को दोबारा समझने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते अर्जुन कालपांडे उर्फ पेंड्या भाई पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उस पर चाकू से 12 से 13 वार किए थे। घटना में अर्जुन के साथ मौजूद उसकी महिला मित्र भी गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसका एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले अर्जुन का अविनाश झा, गौरव उर्फ बॉम्बे और उनके साथियों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया।
मानपाड़ा पुलिस (Manpada Police) ने मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात के क्रम की तस्दीक की। आरोपियों से यह भी जानकारी ली गई कि घटना को किस तरह अंजाम दिया गया था। इस दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
