
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Bollywood actor Salman Khan) ने अपने करीबी दोस्त और अभिनेता संजय दत्त (close friend and actor Sanjay Dutt) के लिए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर उनकी दोस्ती की मिसाल पेश की है। संजय दत्त के 67वें जन्मदिन के कुछ दिन बाद सलमान ने उनके साथ एक तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं।
तस्वीर के साथ सलमान ने लिखा, “बाबा, फॉरेवर बाबा और बाबा, बाबा होता है। संजू बाबा हैं हम सब का बाबा और संजू बाबा अब अपने बच्चों का बाबा, मेरा बड़ा भाई संजय दत्त, अल्लाह, भगवान, जीसस सब इस आदमी को खुश रखें, आई लव यू बाबा।” सलमान का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशंसक दोनों सितारों की दोस्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सलमान खान और संजय दत्त की दोस्ती बॉलीवुड की सबसे मजबूत दोस्तियों में गिनी जाती है। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘साजन’, ‘चल मेरे भाई’ (Chal Mere Bhai) और ‘ये है जलवा’ शामिल हैं। बड़े पर्दे पर उनकी शानदार केमिस्ट्री के साथ-साथ निजी जीवन में भी दोनों हमेशा एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। यही वजह है कि उनकी दोस्ती आज भी प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष एक इंटरव्यू में संजय दत्त ने भी सलमान खान को अपना छोटा भाई बताया था। उन्होंने कहा था कि ‘साजन’ (Saajan) के समय से दोनों का रिश्ता बेहद खास रहा है और वह सलमान से कभी अलग नहीं हो सकते। अब सलमान के इस भावुक संदेश ने एक बार फिर दोनों सितारों की गहरी दोस्ती को सुर्खियों में ला दिया है।
