
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा श्रीदेवी (Sridevi) की यादें आज भी उनके चाहने वालों के दिलों में ताजा हैं। 13 अगस्त को उनकी जयंती के मौके पर प्रियंका चोपड़ा ने अभिनेत्री को खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर श्रीदेवी की आगामी बायोग्राफी ‘एम्प्रेस-द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ श्रीदेवी’ (‘Empress: The Definitive Biography of Sridevi’) के कवर की पहली झलक शेयर की। उन्होंने श्रीदेवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि वह हमेशा याद की जाएंगी। प्रियंका की इस पोस्ट को बोनी कपूर ने भी री-शेयर किया।
‘एम्प्रेस’ श्रीदेवी के जीवन और फिल्मी सफर पर आधारित बायोग्राफी है, जिसे धीरज यू. कुमार (Dhiraj U. Kumar) लिख रहे हैं। इस किताब की घोषणा साल 2023 में वेस्टलैंड बुक्स ने की थी। बायोग्राफी में श्रीदेवी के बचपन, फिल्मों में उनके सफर और निजी जिंदगी से जुड़े पहलुओं को समेटने की बात कही गई है। खास तौर पर 1980 और 1990 के दशक में भारतीय सिनेमा में श्रीदेवी के प्रभाव और उनकी अभूतपूर्व लोकप्रियता पर भी रोशनी डाली जा सकती है।
श्रीदेवी ने बाल कलाकार के तौर पर अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हुईं। अपनी अदाकारी और अलग-अलग किरदारों के दम पर उन्होंने दर्शकों के बीच खास मुकाम बनाया। 24 फरवरी 2018 को दुबई में 54 वर्ष की उम्र में उनके निधन के बाद भी उनकी विरासत कायम है। ऐसे में ‘एम्प्रेस’ के जरिए प्रशंसकों को उनकी जिंदगी और शानदार फिल्मी सफर को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
