
मुंबई : (Mumbai) एकता कपूर के लोकप्रिय सुपरनैचुरल शो ‘नागिन’(Ekta Kapoor’s popular supernatural show, ‘Naagin’) के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। टीवी पर अपनी अलग पहचान बना चुका यह शो अब नए फॉर्मेट और नए अंदाज में दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी में है।
निर्माता एकता कपूर ने नाग पंचमी (occasion of Nag Panchami) के मौके पर सोशल मीडिया के जरिए ‘नागिन’ के टीवी से आगे बढ़ने का संकेत दिया है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ‘नागिन’ के अलग-अलग सीजन में नजर आ चुकीं अभिनेत्रियों की झलक देखने को मिली। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ‘कुछ बहुत ही रोमांचक आने वाला है। नाग पंचमी की बधाई।’ उनके इस पोस्ट के बाद शो के नए फॉर्मेट को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
नए फॉर्मेट में लौटेगा ‘नागिन’
साल 2015 में मौनी रॉय और अर्जुन बिजलानी (Mouni Roy and Arjun Bijlani) के साथ शुरू हुआ ‘नागिन’ जल्द ही छोटे पर्दे के सबसे लोकप्रिय शोज में शामिल हो गया था। शो के सात सीजन प्रसारित हो चुके हैं और अलग-अलग सीजन में सुरभि ज्योति, तेजस्वी प्रकाश और प्रियंका चाहर चौधरी समेत कई लोकप्रिय अभिनेत्रियां नागिन के किरदार में नजर आईं।
‘नागिन’ का सातवां सीजन हाल ही में जून में समाप्त हुआ है। अब बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms) इस फ्रेंचाइजी को पारंपरिक टीवी फॉर्मेट से आगे ले जाने की तैयारी में है। हालांकि, नए प्रोजेक्ट का फॉर्मेट, कलाकारों और रिलीज प्लेटफॉर्म को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एकता कपूर के इस ऐलान के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि करीब एक दशक से दर्शकों के बीच लोकप्रिय ‘नागिन’ अब किस नए रूप में वापसी करती है।
