
कोझिकोड : (Kozhikode) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में ट्रांसजेंडर मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जानमोनी दास को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोझिकोड साइबर पुलिस (Kozhikode Cyber Police) ने दास और सोशल मीडिया पर उस वीडियो को शेयर करने वाले दो अन्य लोगों को तलब किया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नव्या हरिदास की ओर से 27 जुलाई को दी गई शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, दास ने नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के सिलसिले में कथित तौर पर ये टिप्पणियां की थीं। इन टिप्पणियों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था। हालांकि, विवाद खड़ा होने के बाद दास ने एक वीडियो जारी करके माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि भाषा की जानकारी नहीं होने के कारण उनसे ये टिप्पणियां हुई हैं।
