
कैमरा और मोबाइल समेत लाखों के उपकरण क्षतिग्रस्त होने का आरोप, चार के खिलाफ मामला दर्ज
उल्हासनगर : (Ulhasnagar) उल्हासनगर के सेक्शन-26 में गणेश आगमन (Ganesh Aagam in Section 26 of Ulhasnagar) के दौरान रील्स और वीडियो शूट कर रहे एक वीडियोग्राफर और उसके साथी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने वीडियोग्राफर के साथ मारपीट की, जिससे उसका महंगा कैमरा, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित की शिकायत पर विठ्ठलवाड़ी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैमरे के सामने आने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, आशेलेपाड़ा निवासी हितेश संतोष मोरे (22) अपने साथियों के साथ सेक्शन-26 के प्रसिद्ध गणेश मंडल ‘राजा’ (famous Ganesh Mandal ‘Raja’) के आगमन का वीडियो और रील्स शूट कर रहे थे। इसी दौरान यश ठडाणी बार-बार कैमरे के सामने आ रहा था। इस पर हितेश के साथी आदर्श देविदास बनसोडे ने उसे कैमरे के सामने से हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। शिकायत के मुताबिक, नाराज यश ठडाणी ने अपने दोस्तों मित सिंह, चेतन और एक अन्य युवक को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि चारों ने आदर्श बनसोडे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे हितेश मोरे के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि मित सिंह ने हाथ में पहने कड़े से हितेश की बाईं आंख पर वार कर उसे घायल कर दिया।
कैमरा, आईफोन और ईयरबड्स हुए क्षतिग्रस्त
मारपीट के दौरान हितेश के हाथ से सोनी एम-4 कैमरा नीचे गिर गया, जिससे उसका जी मास्टर लेंस क्षतिग्रस्त होने का आरोप है। इसके अलावा उनका आईफोन एक्स मैक्स और ईयरबड्स भी टूट गए तथा ईयरबड्स गुम होने की शिकायत की गई है। हितेश मोरे की शिकायत पर विठ्ठलवाड़ी पुलिस ने यश ठडाणी, मित सिंह, चेतन और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Indian Penal Code) (IPC), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक बी.बी. क्षीरसागर कर रहे हैं।
