
‘पे ऑन डिलीवरी फीस’ के नाम से अलग शुल्क
नई दिल्ली : (New Delhi) ऑनलाइन फूड डिलीवरी मंच जोमैटो (Online food delivery platform Zomato) ने कैश ऑन डिलीवरी (cash on delivery) (COD) के विकल्प पर अलग शुल्क लेना शुरू कर दिया है। कंपनी के ऐप में यह चार्ज ‘पे ऑन डिलीवरी फीस’ के नाम से बिल में दिखाई दे रहा है। यह शुल्क उन ग्राहकों से लिया जा रहा है, जो खाना पहुंचने के समय नकद भुगतान का विकल्प चुनते हैं। हालांकि, सभी ऑर्डर पर शुल्क एक जैसा नहीं है और इसकी राशि ग्राहक व ऑर्डर के हिसाब से अलग-अलग दिखाई दे रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शुल्क का निर्धारण ऑर्डर की राशि, ग्राहक के स्थान या किसी अन्य आधार पर किया जा रहा है। इस संबंध में जोमैटो को भेजे गए ईमेल का खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला। जोमैटो पहले से ही ऑर्डर पर प्लेटफॉर्म शुल्क लेता है। इसके अलावा आपूर्ति शुल्क, पैकेजिंग शुल्क समेत अन्य चार्ज भी लग सकते हैं। प्रतिद्वंद्वी कंपनी स्विगी फिलहाल सीओडी भुगतान पर अलग शुल्क नहीं ले रही है।
