
मुंबई : (Mumbai) दिवंगत अभिनेत्री और सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान (Disha Salian) की मौत के मामले में नाम सामने आने के बाद अभिनेता सूरज पंचोली (Actor Sooraj Pancholi) ने प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने वर्ष 2020 में हुई दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें सूरज पंचोली का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। अब अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।
सूरज ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा कि वह अपनी जिंदगी में कभी दिशा सालियान से सीधे या परोक्ष रूप से नहीं मिले। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) से भी कभी नहीं मिले हैं। अभिनेता ने कहा कि पिछले कई वर्षों से बिना किसी सबूत के उनका नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस और सीबीआई करीब चार-पांच साल पहले ही उनका बयान दर्ज कर चुकी हैं। सूरज ने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
अभिनेता ने आगे कहा कि वह लंबे समय से इस मामले पर चुप रहे हैं, लेकिन अब लगातार उनका नाम ऐसी घटना से जोड़ा जाना स्वीकार नहीं करेंगे, जिससे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर जांच एजेंसी को उनसे दोबारा पूछताछ करनी है तो वह पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं। सूरज ने लोगों से मामले में जुड़े किसी भी व्यक्ति के बारे में राय बनाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्राथमिकी में आदित्य ठाकरे, डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती (Aaditya Thackeray, Dino Morea, and Rhea Chakraborty) समेत 17 लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं।
