
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा (Actor Govinda and his wife, Sunita Ahuja) इन दिनों अपने वैवाहिक जीवन को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के कारण सुर्खियों में हैं। इसी बीच गणेश चतुर्थी के मौके पर गोविंदा ने मुंबई लौटकर अपने घर में गणपति बप्पा की पूजा की। अमेरिका में मौजूद गोविंदा देर रात मुंबई पहुंचे और सीधे घर जाकर बेटी टीना और बेटे यशवर्धन (daughter Tina and son Yashvardhan) के साथ पूजा में शामिल हुए। हालांकि, इस दौरान सुनीता आहूजा नजर नहीं आईं।
गौरतलब है कि गोविंदा के विदेश में होने के दौरान सुनीता ने सोमवार को बच्चों टीना और यशवर्धन के साथ गणेश चतुर्थी मनाई थी। उस समय उन्होंने पैपराजी को बताया था कि गोविंदा विदेश में होने के कारण पूजा में शामिल नहीं हो सके। अब गोविंदा के मुंबई लौटने के बाद भी पूजा के दौरान सुनीता की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
मीडिया से बातचीत में गोविंदा ने बताया कि उनके घर में गणपति पूजा की परंपरा उनकी दिवंगत मां से मिली है, जिसे परिवार वर्षों से पूरी श्रद्धा के साथ निभाता आ रहा है। उन्होंने खुशी जताई कि अब उनके बेटे यशवर्धन भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। अभिनेता ने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए बप्पा से प्रार्थना की और बेटी टीना को आशीर्वाद देते हुए उनके लिए अच्छे जीवनसाथी की कामना की। यशवर्धन के करियर को लेकर गोविंदा ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका बेटा उनसे भी ज्यादा कामयाब हो।
इस बीच गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी नाराजगी जताई है। अभिनेता पहले ही अपने परिवार और निजी जीवन से जुड़ी कथित झूठी खबरों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बनाए गए भ्रामक वीडियो और सामग्री के खिलाफ सख्त रुख अपना चुके हैं।
