
नोएडा : (Noida) सूरजपुर पुलिसने पैरामाउंट सोसायटी के एक स्टूडियो अपार्टमेंट (studio apartment in Paramount Society) से दो नाइजीरियाई नागरिकों पीटर (47) और माइकल (56) को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह (Deputy Commissioner of Police (Central Zone) Shailendra Kumar Singh) ने बताया कि आरोपियों के पास से 1.19 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन और दो बैग भी मिले हैं। दोनों आरोपी बिजनेस वीजा पर भारत आए थे और एनसीआर में लगातार ठिकाने बदलकर रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे और मुख्य रूप से अफ्रीकी मूल के लोगों तथा दिल्ली-एनसीआर के कॉलेज छात्रों को ड्रग्स की सप्लाई करते थे। ऑनलाइन ऑर्डर के बाद परिवहन सेवा एप और बाइक टैक्सी के जरिए रेव पार्टियों तक एमडीएमए पहुंचाया जाता था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एमडीएमए करीब चार हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कब से इस धंधे में सक्रिय थे और उनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन और सिम तोड़कर फेंक दिए थे।
