
पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने दायर किया मानहानि का केस
पतंजलि घी की गुणवत्ता पर पूर्व सांसद ने उठाया था सवाल
गोंडा : (Gonda) पतंजलि फूड्स लिमिटेड (Patanjali Foods Limited) ने कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि सिंह ने उसके घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे नकली बताया था। मामले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह जेल जाने को तैयार हैं, लेकिन जमानत नहीं कराएंगे। इस कानूनी विवाद के बीच उनकी संपत्ति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
2019 में 9.89 करोड़ की संपत्ति घोषित
2019 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha elections) में दाखिल हलफनामे के अनुसार बृजभूषण शरण सिंह ने कुल 9.89 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। इसमें 3.65 करोड़ रुपये की चल और 6.23 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल थी। हलफनामे के मुताबिक उनके पास कृषि और गैर-कृषि भूमि के अलावा व्यावसायिक तथा आवासीय संपत्तियां भी थीं। उनकी घोषित चल संपत्ति में पिस्टल, राइफल और रिपीटर समेत हथियार भी शामिल थे।
बृजभूषण शरण सिंह घोड़ों के शौकीन बताए जाते हैं। मीडिया रिपोर्टों में समर्थकों की ओर से उन्हें महंगे घोड़े उपहार में दिए जाने और उनके पास हेलिकॉप्टर होने का भी उल्लेख किया गया है।
