
नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट (Delhi’s Rouse Avenue Court) ने नीट पेपर लीक मामले में आरोपित शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ा दी है। स्पेशल जज अजय गुप्ता (Special Judge Ajay Gupta) ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया। शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। शुभम खैरनार को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था। शुभम खैरनार महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है।
इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) (CBI) ने अब तक 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके पहले एक जून को कोर्ट ने आरोपितों शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और पुणे के कोचिंग सेंटर डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी में फिजिक्स के टीचर तेजस हर्षदकुमार शाह और मनीषा संजय हवलदार को 15 जून तक की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था।
