
चेन्नई/सलेम : (Chennai/Salem) तमिलनाडु (Tamil Nadu) से 50 बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत ट्रेन से पश्चिम बंगाल (West Bengal by train) रवाना किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस समूह में 44 पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। इन्हें पहले सलेम जिले के अत्तूर तालुक कार्यालय परिसर (Attur Taluk office) स्थित विशेष निरोध केंद्र (स्पेशल डिटेंशन कैंप) में रखा गया था।देश से बाहर भेजने के आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद 3 जुलाई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन नागरिकों को तीन वैन के जरिए सड़क मार्ग से तिरुचिरापल्ली ले जाया गया। वहां से उन्हें हावड़ा एक्सप्रेस के एक विशेष कोच में बैठाकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया।
40 पुलिसकर्मी कर रहे सुरक्षा
ट्रेन यात्रा के दौरान सलेम आर्म्ड रिजर्व के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) शक्तिवेल (Salem Armed Reserve Deputy Superintendent of Police) के नेतृत्व में 40 सदस्यीय सशस्त्र पुलिस टीम उनके साथ तैनात है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हरिदासपुर अंतरराष्ट्रीय सीमा बिंदु (Haridaspur international border) पर तमिलनाडु पुलिस इन नागरिकों को औपचारिक रूप से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंपेगी। इसके बाद बीएसएफ उन्हें बांग्लादेशी अधिकारियों के हवाले करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
अत्तूर स्पेशल कैंप में फिलहाल 130 से अधिक विदेशी नागरिक रह रहे हैं। यह केंद्र वैध दस्तावेजों के बिना रहने वाले प्रवासियों को अस्थायी रूप से रखने के लिए बनाया गया है। इनमें कई लोगों के मामले अभी विचाराधीन हैं, जबकि कुछ जमानत पर हैं।
मार्च में भी भेजे गए थे 33 बांग्लादेशी नागरिक
मार्च में भी सलेम के अत्तूर स्थित विशेष शरणार्थी शिविर (special camp in Attur, Salem) से 33 बांग्लादेशी नागरिकों को उनकी सजा पूरी होने के बाद वापस भेजा गया था। उस समूह में 25 पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे।इनमें से अधिकांश लोगों को वर्ष 2025 में चेन्नई के मंगडू और डिंडीगुल के कल्लिमंडयम क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया था। उन पर बिना वैध दस्तावेजों के तमिलनाडु में रहने या फर्जी दस्तावेज रखने के आरोप थे। सजा पूरी होने के बाद उन्हें तिरुचिरापल्ली जंक्शन रेलवे स्टेशन ले जाया गया और वहां से विशेष रेल डिब्बे में पश्चिम बंगाल भेजा गया था, जहां से उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
