
मुंबई : (Mumbai) आलिया भट्ट और शरवरी वाघ (Alia Bhatt and Sharvari Wagh) अभिनीत वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ (Alpha) का पहला सप्ताह बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। शुरुआती वीकेंड में अच्छी शुरुआत के बावजूद फिल्म की कमाई सोमवार से लगातार गिरती गई। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के सातवें दिन फिल्म ने 2.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके साथ पहले सप्ताह का कुल घरेलू कलेक्शन 47.55 करोड़ रुपये पर सिमट गया।
फिल्म ने पहले वीकेंड में 34 करोड़ रुपये की कमाई कर मजबूत शुरुआत की थी, लेकिन सप्ताह के दिनों में दर्शकों की संख्या तेजी से घटी। नतीजतन, फिल्म पहले सप्ताह में 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। शुरुआती दिनों में ‘अल्फा’ की तुलना आलिया भट्ट की सफल फिल्मों ‘राज़ी’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ (Raazi and Gangubai Kathiawadi) से की जा रही थी, लेकिन अब कमाई के मामले में यह उनसे पीछे रह गई है।
करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘अल्फा’ के सामने अब अजय देवगन की ‘धमाल 4’ की रिलीज नई चुनौती बनकर उभरी है, जिससे फिल्म के शोज प्रभावित होने की संभावना है। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बॉबी देओल, अनिल कपूर और ऋतिक रोशन (Bobby Deol, Anil Kapoor and Hrithik Roshan) का विशेष कैमियो भी है, लेकिन मजबूत स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली से लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं, जिसका असर इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर साफ दिखाई दे रहा है।
