
पटना : (Patna) बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव (Bankipur Assembly by-election) से पहले राजधानी पटना में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (Jan Suraaj founder Prashant Kishor) को निशाना बनाते हुए शहर के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में लिखा गया है, “के.सी. सिन्हा तो झांकी हैं, जमानत जब्त होना अभी बाकी है”, जिससे चुनावी बयानबाजी और तेज हो गई है।
पोस्टरों में प्रशांत किशोर को मुस्लिम टोपी पहने और हाथ में नोटों की गड्डी लिए दिखाया गया है। साथ ही ‘जन सुराज’ की जगह ‘धन सुराज’ लिखते हुए नारा दिया गया है, “वोट नहीं, नोट चाहिए।” पोस्टर पर नीचे “सौजन्य : बांकीपुर की जनता” अंकित है, हालांकि इन्हें किसने लगाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जनसुराज और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला
इस घटनाक्रम से एक दिन पहले जन सुराज को बड़ा झटका लगा था। प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रो. के.सी. सिन्हा, रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह, गोपाल सिंह और ब्रज किशोर सिन्हा ने जन सुराज छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर और भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा (Prashant Kishor and BJP candidate Neeraj Sinha) के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है, जबकि पोस्टर विवाद ने चुनावी सरगर्मी को और बढ़ा दिया है।
