
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता ऋतिक रोशन और अभिनेत्री कंगना रनौत (actor Hrithik Roshan and actress Kangana Ranaut) के बीच वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर ‘सॉरी ऋतिक’ (Sorry Hrithik) ट्रेंड वायरल होने के बाद दोनों के बीच बयानबाजी का नया दौर शुरू हो गया है। ऋतिक की प्रतिक्रिया के कुछ घंटों बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पुराने विवाद को हवा देने के बजाय अपनी साथी सबा आजाद का सम्मान करना चाहिए।
पूरा विवाद उस समय फिर चर्चा में आया जब नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कंगना की टिप्पणी के बाद सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास (Saurav Das) ने तंज कसते हुए कहा कि वह ऋतिक जैसे दिखते हैं, इसलिए कंगना उन पर नाराज हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर ‘सॉरी ऋतिक’ ट्रेंड शुरू हो गया। इस ट्रेंड पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक ने कहा कि वह बिना पूरी जानकारी और सच्चाई जाने कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
ऋतिक के इस बयान पर कंगना ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम का इस्तेमाल कर कुछ लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं, लेकिन ऋतिक ऐसे लोगों की आलोचना करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। कंगना ने लिखा कि चूंकि ऋतिक अब एक स्थिर रिश्ते में हैं, इसलिए उन्हें किसी महिला को परेशान करने जैसी स्थिति पैदा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बेवजह आग में घी डालना और अपनी पार्टनर को असहज करना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि ऋतिक और कंगना के बीच विवाद वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, जब कंगना ने एक इंटरव्यू में अभिनेता को अपना पूर्व प्रेमी बताया था। ऋतिक ने इस दावे से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच कानूनी नोटिस, ईमेल विवाद और सार्वजनिक बयानबाजी का लंबा सिलसिला चला। अब सोशल मीडिया पर शुरू हुई नई बहस ने इस पुराने विवाद को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
