
मुंबई : (Mumbai) प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘जॉब ट्रैफिकिंग’ (Job Trafficking) की पहली झलक जारी कर दी है। प्रशांत नायर द्वारा निर्मित और निर्देशित यह आठ एपिसोड की सर्वाइवल ड्रामा सीरीज ऑनलाइन फ्रॉड और मानव तस्करी के खतरनाक गठजोड़ पर आधारित है। सीरीज का निर्माण सेलेक्ट मीडिया होल्डिंग्स और चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रतीक खन्नूजा, समीर चंद, विकेश भूटानी और शुजात सौदागर (Prateek Khannuja, Sameer Chand, Vikesh Bhutani, and Shujaat Saudagar) ने किया है। इसमें निमरत कौर, रोशन मैथ्यू, काव्या त्रेहान और पवन मल्होत्रा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
भारत और साउथ-पूर्व एशिया की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज ऑनलाइन ठगी के उस नेटवर्क को उजागर करती है, जिसे दुनिया भर में ‘पिग बुचेरिंग’ (pig butchering) स्कैम के नाम से जाना जाता है। कहानी उन युवाओं पर केंद्रित है, जिन्हें विदेश में अच्छी नौकरी का झांसा देकर सीमाओं के पार ले जाया जाता है और बाद में उन्हें मजबूरन साइबर ठगी के गिरोह का हिस्सा बना दिया जाता है। सीरीज इस अपराध के पीछे छिपे शोषण, मजबूरी और संगठित नेटवर्क की परतें खोलती है।
‘जॉब ट्रैफिकिंग’ तीन अलग-अलग किरदारों की कहानी है—एक स्कैमर जो इस जाल से बाहर निकलना चाहता है, एक ठगी की शिकार गृहिणी जो न्याय की तलाश में है और एक सीईओ जो परिस्थितियों के बीच फंस जाता है। इन तीनों की जिंदगी धोखे, टूटे भरोसे और अपराध के ऐसे जाल में उलझ जाती है, जहां से बाहर निकलना आसान नहीं होता। रोमांच, भावनाओं और हाई-स्टेक ड्रामा से भरपूर यह सीरीज दर्शकों को साइबर अपराध की भयावह सच्चाई और इंसानियत की जंग से रूबरू कराएगी।
