
मुंबई : (Mumbai) पंजाबी गायिका अफसाना खान (Punjabi singer Afsana Khan) का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद एक वीडियो जारी कर अपने प्रशंसकों को दी। अफसाना ने बताया कि उनका अकाउंट रिकवर करने की प्रक्रिया जारी है और तब तक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से आने वाले किसी भी मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। उन्होंने फैंस से अपील की कि यदि उनके अकाउंट से कोई संदिग्ध संदेश आए तो उसे नजरअंदाज करें और किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
वीडियो में अफसाना ने हैकिंग की घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इंस्टाग्राम उनके लिए सिर्फ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि अपने प्रशंसकों से जुड़ने और पेशेवर गतिविधियों की जानकारी शेयर करने का अहम माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी के निजी अकाउंट का इस तरह दुरुपयोग करना पूरी तरह अस्वीकार्य है। गायिका ने बताया कि उन्होंने अकाउंट रिकवरी के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है और उम्मीद है कि जल्द ही उनका अकाउंट वापस मिल जाएगा।
अफसाना खान पंजाबी संगीत जगत की चर्चित गायिका हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2012 में रियलिटी शो ‘वॉइस ऑफ पंजाब सीजन 3’ (Voice of Punjab Season 3) से की थी। दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के साथ गाए ‘तितलियां’ और ‘धक्का’ जैसे गीतों ने उन्हें खास पहचान दिलाई। इसके अलावा वह 2021 में सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ में भी नजर आई थीं। हाल ही में रणवीर सिंह की आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ के गीत ‘नाल नचना’ में अपनी आवाज देने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में हैं।
