
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी (Bollywood actor Emraan Hashmi) ने पिछले कुछ वर्षों में अपने अभिनय में कई बदलाव किए हैं। उन्होंने कहानी और किरदार को प्राथमिकता देते हुए कई अलग तरह की फिल्मों में काम किया। हालांकि, अब उनकी आने वाली फिल्म ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) को लेकर दर्शकों में खास उत्साह है, क्योंकि इसमें इमरान एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आने वाले हैं।
इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज (release on August 14, 2026) होने वाली है। इसका पहला भाग 19 साल पहले रिलीज हुआ था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी, लेकिन बाद में दर्शकों के बीच इसे काफी पसंद किया गया और फिल्म को कल्ट क्लासिक का दर्जा मिला। ‘आवारापन’ का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था। 2000 के दशक में मोहित सूरी और इमरान हाशमी (Mohit Suri and Emraan Hashmi) की जोड़ी काफी चर्चित रही। दोनों ने साथ में छह फिल्मों में काम किया और इनमें से कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। मोहित सूरी और इमरान हाशमी की जोड़ी की शुरुआत 2005 में आई फिल्म ‘जहर’ से हुई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक करीब 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 13 करोड़ रुपये का कारोबार किया और सफल रही। इसके बाद दोनों ‘कलयुग’ में साथ नजर आए। करीब 4 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने लगभग 10 करोड़ रुपये की कमाई की और यह भी सफल रही। 2007 में आई ‘आवारापन’ करीब 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और लगभग 12 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकी। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, लेकिन बाद में इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।
इसके बाद ‘राज’ में दोनों की जोड़ी नजर आई। करीब 18 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने लगभग 38 करोड़ रुपये कमाए और सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद इमरान हाशमी और मोहित सूरी ने ‘क्रूक’ (‘Crook’)में साथ काम किया, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। दोनों की आखिरी फिल्म ‘मर्डर 2’ (‘Murder 2’) रही। करीब 13 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 65 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया और ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके बाद दोनों ने साथ में कोई फिल्म नहीं की। करीब 19 साल बाद ‘आवारापन’ की कहानी का अगला अध्याय दर्शकों के सामने आने वाला है। ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर उसी पुराने अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और अब देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिछली फिल्मों की तरह दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।
