
नंदुरबार : (Nandurbar) नंदुरबार शहर में 53 नाबालिगों के यौन शोषण के गंभीर मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपित चेतन प्रकाश कोली (22-year-old Chetan Prakash Koli) को गिरफ्तार किया है। आरोपित को शनिवार को जिला अदालत (district court) में पेश किया गया, जहां से उसे 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
नंदुरबार की पुलिस अधीक्षक अश्विनी सानप (Nandurbar Superintendent of Police Ashwini Sanap) के अनुसार, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना किसी शिकायत का इंतजार किए नंदुरबार शहर पुलिस थाने में पोक्सो अधिनियम (POCSO Act) और यौन उत्पीड़न से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। रायसिंहपुरा निवासी चेतन कोली को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
घर की तलाशी में बड़ी मात्रा में अश्लील सामग्री
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित के घर की तलाशी ली, जिसमें 549 अश्लील वीडियो और 1,100 अश्लील तस्वीरें बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में 53 नाबालिगों के कथित यौन शोषण की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित नाबालिगों के अलावा युवकों को भी निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार, कथित घटनाएं वर्ष 2022 से 6 अगस्त 2026 (2022 and August 6, 2026) तक जारी रहने का आरोप है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पीड़ितों को किस तरह धमकाया जाता था, उनका कथित शोषण कैसे किया गया और क्या इस मामले में आरोपित के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम (forensic team) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
