
मुंबई : (Mumbai) फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा (Film director Ram Gopal Varma) एक बार फिर मुंबई के अपराध जगत और पुलिस तंत्र की कहानी बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी नई क्राइम-थ्रिलर फिल्म का नाम ‘पुलिस कंपनी’ (‘Police Company’) रखा गया है, जो मुंबई पुलिस के चर्चित मुठभेड़ विशेषज्ञ दया नायक के जीवन पर आधारित होगी। यह फिल्म वर्मा की ‘कंपनी’ (2002) और ‘डी कंपनी’ (2021) फ्रेंचाइजी का नया अध्याय मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे (actor Harshvardhan Rane) दया नायक की भूमिका निभाएंगे। टी-सीरीज के सहयोग से बन रही इस फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो चुका है, जबकि इसकी शूटिंग अगस्त के तीसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा ने अपनी पिछली परियोजना ‘सिंडिकेट’ के आगे नहीं बढ़ पाने के बाद इस फिल्म पर काम तेज किया है।
फिल्म में दया नायक की उस संघर्षपूर्ण यात्रा को दिखाया जाएगा, जिसमें उन्होंने मंगलुरु के एक छोटे से गांव से निकलकर मुंबई पुलिस में अपनी पहचान बनाई। कहानी उनके तीन दशक लंबे करियर, अंडरवर्ल्ड के खिलाफ अभियानों और निजी जीवन के उतार-चढ़ाव को भी दर्शाएगी। वहीं, हर्षवर्धन राणे इन दिनों अपनी हालिया सफलताओं के बाद ‘फोर्स 3’, ‘यूनिफॉर्म’ और ‘सिला’ (‘Force 3’, ‘Uniform’, and ‘Sila’) जैसी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं।
