
मुंबई : (Mumbai) इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म की रिलीज के साथ इसकी स्टारकास्ट से जुड़ी एक दिलचस्प बात भी चर्चा में है। फिल्म में जोरावर का किरदार निभाने वाले अभिनेता पूरन गब्बी (Actor Puran Gabbi), अभिनेत्री वामिका गब्बी (actress Vamika Gabbi) के सगे भाई हैं। फिल्म में पूरन गब्बी के अभिनय की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई दर्शकों का कहना है कि उन्होंने अपने किरदार को दमदार अंदाज में निभाया है और कई दृश्यों में अपनी अलग छाप छोड़ी है।
हालांकि पूरन गब्बी इंडस्ट्री के लिए नया नाम नहीं हैं। इससे पहले वह शाहरुख खान की फिल्म ‘जीरो’ (2018) में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ (2020) और वेब सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ (Black Warrant) में भी उन्होंने काम किया है। वामिका गब्बी पहले से ही फिल्मों और ओटीटी पर अपनी पहचान बना चुकी हैं, जबकि पूरन गब्बी अब लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए बॉलीवुड में अपनी जगह मजबूत करते दिख रहे हैं।
‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) में उनके किरदार को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पटानी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले हैं और इसकी कहानी को अपेक्षाकृत कमजोर माना गया है, लेकिन कलाकारों के अभिनय की सराहना की जा रही है।
