
इँडियन आयल कारपोरेशन ने अल्जीरियाई कंपनी सोनाट्रैक से किया करार
नई दिल्ली : (New Delhi) भारत ने एलपीजी आपूर्ति को मजबूत करने और मध्य पूर्व पर निर्भरता घटाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (Indian Oil Corporation) (IOC) ने 2027 में एलपीजी आयात के लिए अल्जीरिया की सरकारी कंपनी सोनाट्रैक के साथ समझौता किया है।
डील के तहत आईओसी हर महीने एक बड़े गैस कैरियर से 45,000 से 55,000 टन एलपीजी आयात करेगी। इसमें प्रोपेन और ब्यूटेन का मिश्रण होगा। यह समझौता फ्री-ऑन-बोर्ड (free-on-board) (FOB) आधार पर कार्गो उठाने के लिए है।
मध्य पूर्व पर निर्भरता घटाने की तैयारी
भारत एलपीजी के आयात स्रोतों में विविधता ला रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में हालिया नाकेबंदी से आपूर्ति प्रभावित होने के बाद सरकार ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और वैकल्पिक स्रोत बढ़ाने पर जोर दिया है।
ट्रेड सूत्रों के मुताबिक अल्जीरिया से मिलने वाली एलपीजी की कीमत सऊदी अरामको की अनुबंध कीमत से कम है। भारत ने जून से अल्जीरिया से एलपीजी आयात शुरू किया था और अगस्त में करीब 1.10 लाख टन आयात की उम्मीद है।
अमेरिका से भी बढ़ेगा आयात
मध्य पूर्व से आपूर्ति में कमी की भरपाई के लिए भारत ने अमेरिका से एलपीजी खरीद बढ़ाई है। सूत्रों के अनुसार, 2027 में देश अपने कुल एलपीजी आयात का करीब एक-चौथाई हिस्सा अमेरिका से खरीदने की योजना बना रहा है।
इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम (Indian Oil, Hindustan Petroleum, and Bharat Petroleum) अमेरिका से एलपीजी आयात के लिए संयुक्त निविदा भी जारी कर सकते हैं। इससे भारत के एलपीजी आयात स्रोत और अधिक विविध होने की उम्मीद है।
