
मुंबई : (Mumbai) ठाणे जिले के भिवंडी (robbery in Bhiwandi, Thane district) में ट्रक ड्राइवर की लूटपाट के दौरान हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन भिवंडी पुलिस कर रही है।
भिवंडी के जोन-2 के पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड़ (Pawan Bansod, Deputy Commissioner of Police (Zone-2, Bhiwandi) ने शनिवार को बताया कि बिहार निवासी ट्रक ड्राइवर पवन कुमार काजू महतो (Pawan Kumar Kaju Mahto) की 16 अगस्त को भिवंडी-ठाणे बाइपास रोड के किनारे हत्या कर दी गई थी। महतो ने सुबह अपना ट्रेलर सडक़ किनारे खड़ा किया था।
इसी दौरान दोनों आरोपित कथित तौर पर लूट के इरादे से उनके पास पहुंचे। महतो ने जब लूट का विरोध किया तो आरोपितों ने कथित तौर पर उनके गले में चाकू घोंप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद महतो सडक़ पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपित उनके पास से पैसे लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटनास्थल से शुरुआती जांच में पुलिस को बहुत कम सुराग मिले थे। इसके बाद मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांचकर्ताओं ने चश्मदीदों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपिताें के संभावित भागने के रास्तों का नक्शा तैयार किया। इन रास्तों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की गई। अलग-अलग कैमरों में रिकॉर्ड हुई गतिविधियों को आपस में जोडक़र पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को भिवंडी से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भिवंडी निवासी रमीज़ अब्दुल रशीद अंसारी (23) और मोहम्मद अलकेश परवेज़ आलम मोमिन (25) (Rameez Abdul Rashid Ansari (23) and Mohammad Alkesh Parvez Alam Momin (25) के रूप में की गई है। दोनों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस के अनुसार, अंसारी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि मोमिन के खिलाफ चोरी के 18 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हत्या और लूट की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों आरोपी इस तरह की अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।
