
मुंबई : (Mumbai) पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष टिकट जांच अभियानों के तहत अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान 100.42 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया। इस अवधि में बिना टिकट, अनियमित यात्रा और बिना बुक किए सामान के कुल 13.47 लाख मामले पकड़े गए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक (Vineet Abhishek, Chief Public Relations Officer of Western Railway) के अनुसार, वरिष्ठ वाणिज्यिक अधिकारियों की निगरानी में टिकट जांच कर्मचारियों ने मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेनों के अलावा लंबी दूरी की मेल-एक्सप्रेस, यात्री और विशेष ट्रेनों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इसका उद्देश्य रेलवे के राजस्व के नुकसान को रोकने के साथ यात्रियों में नियमों के प्रति अनुशासन बढ़ाना है।
अगस्त में 17.16 करोड़ रुपये की वसूली
अकेले अगस्त 2026 में 2.13 लाख से अधिक बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे 17.16 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में 25.65 करोड़ रुपये
मुंबई उपनगरीय रेलखंड में अप्रैल से अगस्त के बीच टिकट जांच के दौरान 4.65 लाख अनियमित यात्रियों के मामले सामने आए। इनसे करीब 25.65 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई। पश्चिम रेलवे के अनुसार, उपनगरीय नेटवर्क में अधिकृत और अनुशासित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान लगातार जारी है।
एसी लोकल में 172 प्रतिशत की वृद्धि
एसी उपनगरीय लोकल ट्रेनों में सामान्य टिकट लेकर अनधिकृत यात्रा करने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान एसी लोकल में करीब 78,600 मामले पकड़े गए और 3.26 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह राशि पिछले वर्ष की इसी अवधि में वसूले गए 1.20 करोड़ रुपये से करीब 172 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष लगभग 36,480 मामले पकड़े गए थे।
पश्चिम रेलवे ने टिकट जांच कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करने और यात्रियों में यात्रा अनुशासन बढ़ाने में मदद मिल रही है।
